कोटा पुलिस ने एक दिन में 210 बदमाशों को दबोचा:74 टीमों ने 163 जगहों पर मारी दबिश, 8 धारदार हथियार और अवैध शराब जब्त

कोटा शहर पुलिस ने सक्रिय अपराधियों और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए कुल 210 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कोटा शहर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया। इसी अभियान के तहत ये कार्रवाई की गई। कोटा शहर पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से 31 जनवरी 2026 को यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुबह 7 बजे से शहर के सभी वृतों और थाना क्षेत्रों में 74 टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने 163 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध मादक पदार्थों से जुड़े 5 प्रकरण दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इनके कब्जे से 20 ग्राम 159 मिलीग्राम चरस, 14.19 ग्राम एमडी, 200 ग्राम गांजा, एक कार और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। वहीं आबकारी अधिनियम के तहत 7 प्रकरणों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर 421 क्वार्टर देशी शराब जब्त की गई। अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई में 9 प्रकरण दर्ज कर 9 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 2 कारतूस और 8 धारदार हथियार बरामद हुए। इसके अलावा अवैध जुआ-सट्टे के 5 मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1210 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने 13 स्थायी वारंटी, 25 गिरफ्तारी वारंटी, 5 इनामी अपराधियों और 1 अन्य वांछित अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया। साथ ही बीएनएसएस की धारा 170 के तहत 140 आदतन अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। अभियान के तहत 78 सक्रिय और आदतन अपराधियों की राउडीशीट खोलकर थाना स्तर पर निगरानी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *