शहर के गोबरिया बावड़ी इलाके में वेल्डिंग का काम करते समय युवक झुलस गया। जिसे इलाज के लिए एमबीएस हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में भर्ती करवाया है। युवक मोहम्मद असलम (19) कोटड़ी छावनी इलाके का रहने वाला है। हादसे में उसके दोनों हाथ व चेहरा झुलसा है। पिता रुस्तम खान ने बताया कि उनकी गोबरिया बावड़ी में डेंटिंग पेंटिंग की दुकान है। दोपहर में मोहम्मद असलम दुकान में वेल्डिंग कर रहा था। संभवतया वेल्डिंग के पाइप में कचरा आ गया होगा। जिस कारण बत्ती बैक मार गई और आग लग गई। आग लगने से असलम के दोनों हाथ व चेहरा हल्का सा झुलस गया। दुकान पर और भी स्टाफ था। गनीमत रही बड़ा हादसा नहीं हुआ। पास में सिलेंडर भी रखा हुआ था। स्टाफ के लोग उसे इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर गए। वहां से एमबीएस रेफर किया।


