कोडरमा जिले में रविवार हादसों से भरा रहा। इस दौरान अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। कोडरमा थाना क्षेत्र के लोकाई में देर रात एक बाइक दुर्घटना में 30 वर्षीय संटू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। संटू यादव करमा निवासी महेंद्र यादव के पुत्र थे। इस हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, संटू अपने दोस्त के साथ डोमचांच से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। लोकाई के पास सड़क पर पहले से दुर्घटनाग्रस्त पड़े एक ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। मृतक संटू यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। टैंकर ने धान लोड कर जा रहे ट्रैक्टर को टक्कर मार दी रविवार देर रात तिलैया थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग (एनएच 20) पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास एक टैंकर ने धान लोड कर जा रहे ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार एक किसान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अतिरिक्त, धनबाद-गया रेलखंड के कोडरमा स्टेशन पर एक युवक ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। वहीं, डोमचांच थाना क्षेत्र में एक ऑटो और ट्रक की टक्कर में तीन लोग घायल हुए। मिली जानकारी के अनुसार, उक्त ट्रैक्टर पर कुछ किसान धान लोड कर कोडरमा की ओर से झुमरीतिलैया जा रहा था। इस दौरान केडिया धर्मकांटा के पास ट्रैक्टर चालक ने एनएच-20 पर सड़क के गलत दिशा से ट्रैक्टर लेकर जाने लगे। उसी दौरान ट्रैक्टर बाईपास रोड के रेलवे ओवर ब्रिज के पास पहुंची, जहां रांची की ओर से आ रही एक टैंकर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर का डाला पलट गया और उसमें सवार तीन किसान सड़क पर गिर गए और उसमें लदा धान उनके ऊपर गिर गया। इससे एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य किसान व ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान छोटेलाल के रूप में हुई है। जबकि घायलों की पहचान बाले मियां उम्र 55 वर्ष पिता गुलाम मियां, कारु मियां उम्र 60 वर्ष, गोपी मोदी उम्र 25 वर्ष पिता रामा मोदी सभी जयनगर निवासी के रूप में हुई है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही सड़क पर फैले धान के बोरे को वहां से हटवाया ताकि उक्त मार्ग पर आवागमन बाधित न हो।


