सतना पुलिस की साइबर सेल टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 4 महीने के भीतर चोरी हुए 102 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत 16 लाख 35 हजार रुपए है। टीम ने देश के विभिन्न शहरों में दबिश देकर ये फोन बरामद किए। रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुलाकर मोबाइल मालिकों को उनके फोन वापस लौटाए गए। साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मोबाइलों को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। लोकेशन मिलने के बाद टीम ने सतना, रीवा, पन्ना, मैहर, चित्रकूट, भिंड, दतिया, झांसी, ग्वालियर, उज्जैन, अजमेर, कोटा, सोलन, नैनीताल, जालंधर, अमृतसर, रांची, गया, दुर्गापुर, जयपुर, इंदौर, भोपाल, लखनऊ और नागपुर सहित 26 शहरों में दबिश देकर फोन बरामद किए। मालिकों के चेहरे खिले, टीम को मिलेगा इनाम
लंबे समय से अपने फोन खो चुके लोगों को जब ये वापस मिले, तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्य की सराहना करते हुए साइबर सेल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। इस टीम को मिली सफलता
इस बरामदगी अभियान में साइबर सेल टीम में उप निरीक्षक अजीत सिंह के साथ एसआई दीपेश पटेल, प्रधान आरक्षक संदीप तिवारी, असलेंद्र सिंह चंदेल, विपेन्द्र मिश्रा, आरक्षक राहुल पटेल और मुकेश अवासे शामिल रहे। संबंधित थानों के पुलिसकर्मियों ने भी इस कार्य में सहयोग किया। CEIR पोर्टल पर दर्ज कराएं शिकायत
साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह ने लोगों को सलाह दी है कि चोरी या गुम हुए मोबाइलों की शिकायत सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर जाकर मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक करें।


