कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बेहराडीह गांव में मंगलवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। नवनिर्मित मकान की छत पर पानी डालने गई 42 वर्षीय आरती देवी 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आ गईं। आरती देवी द्वारिका राणा की पत्नी थीं। मृतका के भतीजे दीपक कुमार ने बताया कि उनके चाचा द्वारिका राणा का मकान हाल ही में बना था। आरती देवी रोज की तरह छत पर पानी डालने गई थीं। छत से कुछ ही ऊंचाई पर गुजर रहे बिजली के तार से वे टकरा गईं। हादसे में आरती देवी बुरी तरह झुलस गईं। परिवार और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्हें कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर है।


