कोतमा पुलिस ने 2.70 किलो गांजा किया जब्त:दो तस्कर गिरफ्तार, आरोपी से 2 मोबाइल भी बरामद; मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

कोतमा पुलिस ने बुधवार को अवैध मादक पदार्थ गांजा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.70 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 21 हजार रुपए है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। मुखबिर ने बताया था कि ग्राम पचखुरा पानी की टंकी के पास एक व्यक्ति मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से खोड़री नंबर 01 की तरफ से अवैध गांजा लाने की बात कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतमा ने तत्काल एक पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने मुखबिर की ओर से बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। इस दौरान, ग्राम खोड़री की तरफ से एक व्यक्ति हाथ में बोरी लिए पचखुरा की ओर आता दिखा। वह ग्राम पचखुरा पानी की टंकी के पास सड़क पर खड़े दूसरे व्यक्ति को बोरी दे रहा था, तभी पुलिस ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया। गांजे के साथ 2 मोबाइल फोन भी जब्त पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम राकेश कुमार तिवारी (36 वर्ष, निवासी ग्राम खोड़री) बताया, जबकि दूसरे ने हेमराज जयसवाल उर्फ मोटू (35 वर्ष, निवासी जर्रा टोला, थाना कोतमा) बताया। उनकी तलाशी लेने पर बोरी के अंदर से 2.70 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए। दोनों आरोपियों, राकेश कुमार तिवारी और हेमराज जयसवाल उर्फ मोटू के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 08/20 बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *