बैकुंठपुर | कोरिया जिले की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव का शुभारंभ 17 फरवरी से होगा। मिनी स्टेडियम में आयोजित इस समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस दौरान वे जिले को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री जिला पंचायत में सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक लेंगे, जिसमें कैबिनेट मंत्रियों और संभाग के जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। तीन दिवसीय महोत्सव के 16 सत्रों में 170 से अधिक कलाकार सुआ, कर्मा, पंडवानी और सूफी गायन जैसी विधाओं की प्रस्तुति देंगे।


