कोसमंदा रोड पर 469 स्ट्रीप नशीले कैप्सूल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | जांजगीर जिला में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए चांपा पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 10 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से दो युवक कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ आ रहे हैं और उनके पास नशीली कैप्सूल की बड़ी मात्रा है। सूचना पर चांपा पुलिस और साइबर टीम ने कोसमंदा रोड में घेराबंदी की और संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम रामकिशोर कश्यप 20 वर्ष निवासी कोसमंदा थाना चांपा और प्रदीप पटेल 20 वर्ष निवासी बुदेली चौकी रजगामार जिला कोरबा बताया। तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 469 स्ट्रीप नशीली कैप्सूल मिलीं। प्रत्येक स्ट्रीप में 8 कैप्सूल होने से कुल 3,752 कैप्सूल जब्त की गई, जिनकी अनुमानित कीमत 34,813 रुपये बताई गई है। इसके साथ घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 बीएम 2797, दो मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी जब्त किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 58/26 धारा 21(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *