भास्कर न्यूज | अंबिकापुर उत्तर भारत में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ बनने से मौसम का मिजाज उतार-चढ़ाव बना हुआ है। इसके असर से गुरुवार को शहर सहित पूरा संभाग घने कोहरे से ढंका रहा। विजिबिलिटी घटकर 10 मीटर तक रह गई। धूप नहीं निकलने व हवा चलने से दिन में ठंड महसूस हुई। दोपहर बाद हल्की धूप खिली, लेकिन दिन का अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री से ऊपर नहीं चढ़ा। बादलों के कारण रात का तापमान सामान्य से ऊपर है। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। बादलों के कारण पूरे दिन आसमान में धुंध छायी रही। अगले एक सप्ताह तक लोगों को धुंध व कोहरे से राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे बादल व कोहरे का असर फरवरी के पहले सप्ताह तक बने रहने की संभावना है। इस साल सीजन में 49 दिनों तक कड़ाके की ठंड रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। इसमें ज्यादातर दिन तक पारा 4 से 6 डिग्री के बीच रहा और शीतलहर की स्थिति बनी रही। फिलहाल तापमान 10 डिग्री से ऊपर है, लेकिन दोबारा पश्चिमी विक्षोभ से ठंड के तेवर में बदलाव की संभावना बनी हुई है। एएम भट्ठ, विज्ञानी, मौसम विज्ञान केंद्र, अंबिकापुर


