बैकुंठपुर | एमसीबी जिले में बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए प्रशासन ने कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। खड़गवां और पोड़ीडीह क्षेत्र में स्कूलों व अस्पतालों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वाली 13 दुकानों की जांच कर 2,900 रुपए का जुर्माना वसूला गया। तहसीलदार सिद्धी गबरेल और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीएम श्री एकलव्य स्कूल व आत्मानंद स्कूल के आसपास दबिश दी। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि दोबारा प्रतिबंधात्मक क्षेत्र में सिगरेट या तंबाकू की बिक्री पाई गई, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में राजस्व, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के अधिकारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।


