क्रिटिकल केयर यूनिट निर्माण में देरी, कलेक्टर ने जताई नाराजगी:मुकुल शर्मा बोले- समय से पहले काम पूरा करो, आर्मी डे परेड में सीकर से 25 हजार लोग जाएंगे

सीकर जिला कलेक्ट्रेट में आज वीकली मीटिंग में विभागीय योजनाओं की प्रोग्रेस और आर्मी डे परेड की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। मीटिंग के अध्यक्ष जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं से जुड़े दिशा-निर्देश दिए। मीटिंग में चाइनीज मांझा की बिक्री पर रोकथाम, अवैध खनन पर रोकथाम, आर्मी डे परेड और गणतंत्र दिवस की तैयारी को लेकर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने विभागवार सरकारी योजनाओं, विकास कार्याें और आगामी योजनाओं पर चर्चा की। इसी बीच कलेक्टर शर्मा ने सांवली हॉस्पिटल में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट बनने में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई। कलेक्टर शर्मा ने कहा कि शहर में तय समय से पहले काम पूरे हो रहे हैं, लेकिन क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण से संबंधित अधिकारी टालमटोली करेंगे तो ये ठीक नहीं है। अगली बैठक से पहले स्वास्थ्य विभाग को क्रिटिकल केयर यूनिट निर्माण की प्रोग्रेस रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। बैठक में कलेक्टर शर्मा ने अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस, परिवहन, वन व राजस्व विभाग को संयुक्त अभियान चलाने तथा अरावली क्षेत्र में खनन रोकथाम के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सरकारी शिकायत पोर्टल पर 30 दिन से ज्यादा पेंडिंग मामलों का जल्द निपटाने के निर्देश दिए। एडीएम(सिटी) भावना शर्मा ने लोकायुक्त, ह्यूमन राइट्स व सीएम ऑफिस से प्राप्त मामलों को निपटाने तथा लाइट्स पोर्टल में जवाब देने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर मुकुल शर्मा ने गणतंत्र दिवस समारोह-2026 के जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए सभी संबंधित विभागों को तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए। कलेक्टर शर्मा ने बताया कि 15 जनवरी को जयपुर में प्रस्तावित आर्मी डे परेड में सीकर जिले के 25 हजार लोग शामिल होंगे। 9, 11, 13 व 15 जनवरी 2026 को जयपुर में होने वाले कार्यक्रमों में सीकर जिले से 25,000 प्रतिभागी पहुंचेंगे। इनमें स्टूडेंट्स, राजीविका लाभार्थी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता, स्काउट व एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ी, पूर्व सैनिक तथा आमजन शामिल हैं। बैठक में सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया, सीडीईओ सुरेन्द्र सिंह, जिला साक्षरता अधिकारी चंद्रप्रकाश महर्षि समेत विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *