खंडवा में IAS सृष्टि देशमुख ने ली परेड सलामी:गणतंत्र दिवस रिहर्सल का कलेक्टर-एसपी ने निरीक्षण किया, हर्ष फायर के साथ हुआ ध्वजारोहण

खंडवा राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के पूर्व शनिवार को गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम में परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फाइनल रिहर्सल की गई। रिहर्सल परेड में एडीएम सृष्टि देशमुख गौड़ा (IAS) मुख्य अतिथि रही। कलेक्टर ऋषव गुप्ता व पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण व राष्ट्रीय सलामी के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि आईएएस देशमुख ने निरीक्षण वाहन से विभिन्न प्लाटूनों का जायजा लिया और इसके बाद हर्ष फायर हुआ, फिर फाइनल रिहर्सल परेड निकाली गई। फाइनल रिहर्सल परेड का नेतृत्व परेड कमांडर सूबेदार धरमसिंह जामोद व टू-आईसी सूबेदार धर्मेंद्रसिंह गौर ने किया। परेड में सशस्त्र बलों के जवानों के साथ जिला पुलिस बल, होमगार्ड, महिला बल, एनसीसी (जूनियर-सीनियर तथा बालक-बालिका), स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस सहित कुल 11 प्लाटून शामिल रहे। सभी परेड कमांडरों का परिचय मुख्य अतिथि सृष्टि देशमुख को कराया गया। इधर, पुलिस बैंड प्लाटून की मधुर धुनों के बीच परेड सम्पन्न हुई। इसके साथ ही शहर के शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। साफ-सुथरी गणवेश को लेकर निर्देश दिए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने परेड कमांडर व सभी प्लाटून कमांडरों को साफ-सुथरी व निर्धारित गणवेश, पंक्तिबद्ध मार्च, अनुशासित कमांड व हर्ष फायरिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर केआर बडौले, निगम आयुक्त प्रियंका राजावत, एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी, महेंद्र तारणेकर, प्रशिक्षु आईपीएस अमित कुमार, सीएसपी अभिनव बारंगे आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *