भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर खंडेलवाल वैश्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज की गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक का मुख्य एजेंडा जीनापुर स्थित समाज की नवीन खरीदी गई भूमि पर प्रस्तावित धर्मशाला निर्माण रहा। पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से धर्मशाला निर्माण को समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। बैठक में पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। भूमि पूजन के साथ ही निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए धर्मशाला निर्माण का नक्शा तैयार किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो सके। धर्मशाला निर्माण के दौरान बिजली एवं पानी की समुचित व्यवस्था को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्थायी बिजली कनेक्शन, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी, जिससे समाज बंधुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समिति के अध्यक्ष डॉ. गोपाल लाल खूंटेटा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिला मुख्यालय पर खंडेलवाल समाज की अपनी धर्मशाला बनने से समाज के लोगों को विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। बैठक में उपाध्यक्ष सत्यनारायण केदावत, संगठन मंत्री श्याम सुंदर बंब, मंत्री कैलाश पितलिया, वेदप्रकाश दुसाद, कोषाध्यक्ष हनुमान प्रसाद खूंटेटा, दीपक माचीवाल, धनराज बंब, वेद प्रकाश राजोरिया सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।


