खरगोन में विजयदशमी के अवसर पर रघुवंशी समाज ने पहली बार शस्त्र पूजन किया। यह कार्यक्रम पहाड़सिंहपुरा के कलश चौक स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में समाज की धर्मशाला में आयोजित किया गया। सामूहिक शस्त्र पूजन से पहले शस्त्रों की सफाई की गई। पंडित शांतिलाल जोशी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन विधि संपन्न कराई। इस दौरान कुमकुम, अक्षत और पुष्प अर्पित किए गए, तथा समाज के आराध्य भगवान श्रीराम का स्मरण किया गया। शस्त्रों को कलावा बांधकर सामूहिक आरती की गई। पूजन के दौरान पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’, ‘जय श्रीराम’, ‘जय भवानी’ और ‘सियावर रामचंद्र की जय’ जैसे जयकारों से गूंज उठा। शस्त्र पूजन के बाद समाज के ब्रह्मलीन गुरुदेव को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। जिलाध्यक्ष दीपक डंडीर ने बताया कि अखिल भारतीय अखंड रघुवंशी क्षत्रिय महापरिषद के आह्वान पर यह पहली बार शस्त्र पूजा की गई। उन्होंने कहा कि रघुवंशी समाजजनों ने शस्त्रों के साथ शामिल होकर सामाजिक एकता का परिचय दिया। शस्त्र पूजन को साहस, विजय और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। इस पूजन के साथ सुख-समृद्धि की कामना की गई। देखिए तस्वीरें…


