गुना शहर की नानाखेड़ी मंडी स्थित डबल लॉक खाद वितरण केंद्र पर मंगलवार को एक किसान को अचानक हार्ट अटैक आ गया। किसान लाइन में खड़ा था, तभी वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस जवान ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए CPR देकर किसान की जान बचा ली। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया जो आज सामने आया है। इस समय रबी सीजन चल रहा है और गेहूं की फसल के लिए किसानों को यूरिया खाद की जरूरत पड़ रही है। जिले में किसानों की सुविधा के लिए 33 खाद वितरण केंद्र बनाए गए हैं। भीड़ से बचने के लिए किसानों को तारीख के अनुसार टोकन दिए गए हैं, ताकि व्यवस्था बनी रहे। किसान लाइन में लगा था, अचानक जमीन पर गिरा
नानाखेड़ी मंडी के डबल लॉक खाद वितरण केंद्र पर भी किसान अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक किसान की तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर गया। वहां ड्यूटी पर तैनात कैंट थाने के आरक्षक अभिनेष रघुवंशी ने बिना देर किए किसान को CPR देना शुरू किया। कुछ ही देर में किसान को होश आ गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर किसान को अस्पताल भेजा गया। यह पूरी घटना मंगलवार की है, लेकिन इसका वीडियो बुधवार को सामने आया है, जिसमें आरक्षक किसान को CPR देते हुए दिखाई दे रहे हैं। समय पर मदद मिलने से किसान की जान बच गई।


