खींचतान:PWD ने स्टेडियम से कर्मचारी हटाए, काम बंद; चर्चा- पास न मिलने से नाराजगी

पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने नवा रायपुर के इंटरनेशनल स्टेडियम से अपने कर्मचारी हटा लिए हैं। इसके चलते स्टेडियम में रखरखाव, बिजली और मरम्मत का काम बंद हो गया है। यही नहीं, अफसरों ने इसकी सूचना न तो बीसीसीआई को दी और न ही खेल विभाग को। 23 जनवरी को इसी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच होना है। ऐसे में स्टेडियम के रखरखाव और मरम्मत को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं और मैच आयोजन को लेकर भी असमंजस की स्थिति बन गई है। चर्चा है कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को हुए वनडे मैच के पास नहीं मिलने से पीडब्ल्यूडी के अफसर नाराज हैं। इसीलिए यह फैसला लिया गया। इधर, पीडब्ल्यूडी के अफसरों का कहना है कि स्टेडियम के लिए हर साल शासन से बजट आता है। हाल ही में राज्य सरकार और बीसीसीआई के बीच स्टेडियम को लेकर एमओयू हो चुका है। ऐसे में स्टेडियम का रखरखाव और मरम्मत का काम बीसीसीआई करेगी, क्योंकि बीसीसीआई ही देशभर के स्टेडियम का रखरखाव करती है। खेल संचालक तनूजा सलाम का कहना है, खेल विभाग को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। पीडब्ल्यूडी ने काम बंद करने के संबंध में न ही कोई पत्र दिया है और न ही कोई सूचना दी है। 50 कर्मचारी तैनात थे, दो करोड़ रु. का सालाना बजट: स्टेडियम का मेंटेनेंस पीडब्ल्यूडी करता है। इसके लिए स्टेडियम में करीब 50 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मेंटेनेंस के लिए पीडब्ल्यूडी को दो करोड़ रुपए सालाना बजट भी मिलता है। नाराजगी की वजह : असर: टंकी-टॉयलेट की सफाई से लेकर वीआईपी लाउंज, ड्रेनेज जैसे कामों पर असर स्टेडियम में लगी फ्लडलाइट्स का रखरखाव और बल्ब बदलना, वायरिंग, पैनल बोर्ड और जनरेटर की जांच, बैकअप पावर सिस्टम की टेस्टिंग, प्रसारण सुविधाएं, स्कोरबोर्ड, एलईडी स्क्रीन की मरम्मत, सीसीटीवी, ड्रेनेज सिस्टम की जांच, इंटरनेट और ब्रॉडकास्ट केबल नेटवर्क का रखरखाव करना। इसके साथ ही टॉयलेट, पानी की टंकी की सफाई, पीने के पानी की व्यवस्था, फायर फाइटिंग सिस्टम की जांच, आपात निकास मार्ग की मरम्मत, मेडिकल रूम और एम्बुलेंस सुविधा, ड्रेनेज और सिंचाई व्यवस्था, बारिश का पानी निकालने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, स्प्रिंकलर और पाइपलाइन की मरम्मत, पानी के रिसाव (लीकेज) की जांच, सीटों की मरम्मत करना या फिर नई सीट लगाना, सीढ़ियों, रेलिंग और फर्श की मरम्मत और छत की जांच और सुधार करना, प्लास्टर और पेंटिंग, ड्रेसिंग रूम, वीआईपी लाउंज की मरम्मत, दरवाजे, खिड़कियां, फॉल्स सीलिंग की मरम्मत का काम शामिल होता है। स्टेडियम में 18 दिसंबर से होना है मैच: 23 जनवरी को प्रस्तावित इंटरनेशनल मैच से पहले स्टेडियम में 18 दिसंबर से विजय मर्चेंट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हो रहा है। इस दौरान रायपुर में दो मैच होंगे, जो चार दिवसीय होते हैं। तब बड़ोदा और कर्नाटक की टीम मैच खेलने रायपुर आएगी। हैंडओवर की प्रक्रिया अधूरी : शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की हैंडओवर प्रक्रिया अब तक अधूरी है। सूत्रों के अनुसार हैंडओवर के लिए दस्तावेजों के मिलान और दायित्व तय करने की प्रक्रिया लंबित है। हैंडओवर में पीडब्ल्यूडी एक-एक चेयर, बल्ब, एसी, नल की टोंटी से लेकर प्रत्येक सामान का विवरण देगा। इसी वजह से लोक निर्माण विभाग(पीडब्ल्यूडी) और खेल विभाग के बीच जिम्मेदारी को लेकर स्पष्टता नहीं बन पाई है। हैंडओवर की प्रक्रिया अधूरी रहने से आगामी आयोजनों की तैयारियों पर भी असर पड़ सकता है। कर्मचारी हटा दिए गए हैं
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की मरम्मत और रखरखाव के लिए हमने अपने कर्मचारियों को हटा दिया है। अब इसकी देखभाल और रखरखाव का जिम्मा खेल विभाग या फिर बीसीसीआई करेगा।
-पंकज कश्यप, चीफ इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी बिना जानकारी कर्मचारी जा रहे
स्टेडियम में तैनात कर्मचारियों ने छग स्टेट क्रिकेट संघ के पीआरओ को बताया कि हमें पीडब्ल्यूडी अफसरों ने हटने के लिए कहा है। स्टेडियम अभी तक बीसीसीआई को हैंडओवर नहीं हुआ है।
-विजय शाह, डॉयरेक्टर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *