खुदाई में मिली सोने की ईंटें बेचने का झांसा दे ठगी करने वाला गिरफ्तार, 6 ईंट बरामद

जयपुर सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में नकली सोने की ईंटें बेचने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए मुहाना थाना पुलिस ने एक बदमाश को ​पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी इरशाद अली उर्फ कटूला डीग के जुरहरा स्थित भण्डारा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की 6 नकली ईंटें और कार बरामद कर ली। पकड़े गए बदमाश ने प्राथमिक पूछताछ में अलग-अलग जिलों में करीब दो दर्जन वारदातों को अंजाम देकर 20 लाख रुपए की ठगी करने की बात कबूली है। वारदातों के संबंध में पूछताछ कर तस्दीक कर रहे हैं। डीसीपी दिगंत आनंद ने बताया कि चित्रकूट एसएचओ जहीर अब्बास को मिले इनपुट के आधार पर मुहाना एसएचओ मदन कड़वासरा के नेतृत्व में गठित टीमों ने आरोपी को पकड़ा है, जो इन दिनों जयपुर में वारदातों को अंजाम देने के लिए आया था। आरोपी इरशाद के साथ कुछ और भी बदमाश टटलू बाजी करने के लिए जयपुर आने का इनपुट मिला है, जिनके संबंध में तस्दीक करवाई जा रही है। आरोपी इरशाद भी पिछले एक साल में 27 से 28 बार जयपुर आ चुका है। आरोपी नकली सोने की ईंट लेकर शहरों में घूमते है। सुनसान जगह चिह्नित कर लोगों को ठगने के लिए ईंट का खुदाई में मिलने की बात कहते हैं और सस्ते भावों में बेचने का झांसा देकर ठगी कर भाग जाते है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *