खुद को पटवारी बताकर लोगों से ठगी करने के आरोप में पुलिस ने गुरु गोविंद सिंह नगर शिमलापुरी निवासी गुरजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जमालपुर के लवदीप सिंह को राजस्व विभाग का अधिकारी बताकर काम के बदले भारी नकदी वसूली थी। शुरुआत में मामला रिश्वतखोरी का प्रतीत होने पर इसकी जांच विजिलेंस ब्यूरो को सौंपी गई, लेकिन रिकॉर्ड की जांच में खुलासा हुआ कि गुरजिंदर सिंह विभाग में किसी भी पद पर तैनात नहीं है।विजिलेंस ने स्पष्ट किया कि आरोपी सरकारी कर्मचारी होने का झूठा दावा कर मासूम लोगों को डराकर और लालच देकर पैसे ऐंठता था। चूंकि वह सरकारी सेवक नहीं निकला, इसलिए उस पर भ्रष्टाचार निरोधक कानून के बजाय धोखाधड़ी का मामला बनता है। विजिलेंस की रिपोर्ट के आधार पर थाना साहनेवाल में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत मुकदमा नंबर 356 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य पीड़ितों का पता लगाया जा सके।


