शहर के होटलों में सख्ती के बाद अब ड्रग्स, शराब, हुक्का और नाच-गाने की महफिलें फॉर्म हाउस में सज रही हैं। पिछले एक साल में शहर से लगे आउटर में 100 से ज्यादा नए फॉर्म हाउस बने हैं। फॉर्म हाउस के मालिक बिना किसी अनुमति या कमर्शियल लाइसेंस लिए ही लोगों को खासतौर पर युवाओं को पार्टी के लिए किराए पर दे रहे हैं। इसके लिए युवाओं की संख्या के अनुसार 6000 से 20 हजार रुपए तक वसूल किए जा रहे हैं। शहर में यह नया कारोबार बन गया है। इसका प्रॉफिट 100 फीसदी होता है। यही वजह है कि कई फॉर्म हाउस वालों ने अपने फार्म इवेंट वालों को किराए पर दे दिए हैं। वहां किस तरह की पार्टी हो रही वे इसकी जानकारी तक नहीं लेते। पिरदा के फॉर्म हाउस में पुलिस के छापे के बाद पता चला कि बिना अनुमति के ही वहां शराब पार्टी चल रही थी। दैनिक भास्कर ने इस मामले में पड़ताल की तो पता चला कि पंचायत एरिया में आने की वजह से संचालकों को संपत्ति कर भी नहीं लगता। उन्हें केवल पंचायत उपकर ही अदा करना होता है। इसके चलते संचालक कमर्शियल एक्टिविटी के लिए अनुमति ही नहीं लेता है। शहर और आउटर में कितने फॉर्म हाउस किसी के पास जानकारी नहीं दैनिक भास्कर ने नगर निगम और टाउन प्लानिंग के अफसरों से बात की तो पता चला कि किसी भी विभाग के पास इस बात की जानकारी नहीं है कि आउटर में कितने फॉर्म हाउस हैं। निगम वालों का कहना है कि शहर के 70 वार्डों में फार्म हाउस नहीं बनते, क्योंकि शहर में जमीन महंगी होती है। सभी फॉर्म हाउस आउटर में होते हैं। इसकी अनुमति भी पंचायत वाले देते हैं। टाउन प्लानिंग विभाग के अफसरों का कहना है कि अधिकतर बार फॉर्म हाउस वाले बिना अनुमति के ही कंस्ट्रक्शन करवा लेते हैं। वे पंचायत से अनुमति लेते हैं। इस वजह से उन्हें जानकारी नहीं होती है। सीधी बात – डॉ. लाल उमेद सिंह, एसएसपी रायपुर फार्महाउस और रिसॉर्ट में बिना किसी अनुमति के ही नशे की पार्टियां हो रही हैं?
जवाब- कुछ जगहों पर अनुमति ली गई है, लेकिन कई जगह बिना अनुमति के पार्टियां हो रही हैं। क्या फार्महाउस में पार्टी करने या किराए पर देने पर कमर्शियल लाइसेंस की जरूरत है?
जवाब- किसी भी तरह के इवेंट या व्यापार के लिए यह जरूरी है। क्या पुलिस के पास यह रिकॉर्ड है कि शहर में कितने फार्महाउस और रिसॉर्ट हैं?
जवाब- पुलिस अब उन स्थानों की लिस्टिंग कर रही है, जहां पार्टी का आयोजन हो रहा है या जिन्हें पार्टी के लिए किराए पर दिया जा रहा है। क्या ऐसी जगहों पर ड्रग्स पार्टियां हो रही है?
जवाब- ड्रग्स नेटवर्क तोड़ने के लिए टीमें लगी हुई हैं और इस पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जानकारी मांगी गई है
रायपुर जिले के सभी ग्राम पंचायतों से जानकारी मांगी गई है कि उन्होंने कितने फॉर्म हाउस वालों को अनुमति दी है। उन्होंने किस तरह का कंस्ट्रक्शन कराया है। अवैध तरीके से संचालित फॉर्म हाउस को नोटिस देकर सख्त कार्रवाई करेंगे।
विनित नायर, उपसंचालक टाउन प्लानिंग विभाग एक कॉल पर फॉर्म हाउस बुक
दैनिक भास्कर ने फॉर्म हाउस का प्रमोशन करने वालों से बात की तो पता चला कि केवल एक कॉल पर फार्म हाउस बुक हो जाता है। सभी तरह की छूट के साथ कहते हैं जैसा बोलेंगे हो जाएगा। शराब की व्यवस्था करना है- सब हो जाएगा
रिपोर्टर: क्रिसमस नाइट के लिए 24 दिसंबर को फार्म हाउस बुक करना है।
प्रमोटर: हो जाएगा, कितने लोग हैं। किस तरह की पार्टी करेंगे।
रिपोर्टर : 20 से ज्यादा हैं, शराब की व्यवस्था करनी है। देर रात तक रहेंगे।
प्रमोटर: सब हो जाएगा। वाट्सएप पर चार्ज डिटेल भेज रहे हैं। एडवांस भेजो।
रिपोर्ट: शराब के लिए लाइसेंस लाना पड़ता है क्या, या आप ले लेंगे।
प्रमोटर: पार्टी के लिए आप पेमेंट कर दो सब व्यवस्था हो जाएगा। चार्ज ज्यादा है, सीजन है, बाद में कम कर देंगे
रिपोर्टर: 30-31 दिसंबर की रात के लिए फार्म हाउस चाहिए।
एजेंट: मिल जाएगा, कितने लोग रहेंगे। खाना-पीना भी रहेगा।
रिपोर्टर: कुछ होगा तो नहीं, पुलिस वाले तो नहीं आएंगे।
एजेंट: कुछ नहीं होगा, सब हमारी जवाबदारी रहेगी।
रिपोर्टर: शराब और हुक्का साथ लेकर आना होगा या आप देंगे।
एजेंट: जैसा करना चाहे हो जाएगा, पार्टी का पेमेंट पूरा करना होगा।


