खेत में बिजली तार की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर जिले के भरतपुर ब्लॉक अंतर्गत कोटाडोल थाना क्षेत्र के खमरौध गांव के डोमाहापारा में जंगली जानवरों के शिकार के लिए खेत में बिछाए गए अवैध करंट की चपेट में आने से एक 37 वर्षीय ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक को बचाने का प्रयास कर रहा एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से झुलस गया है। मृतक नंदलाल पंडो (37 वर्ष) 24 फरवरी की सुबह अपने सात साथियों के साथ नेऊर नदी में मछली पकड़ने गया था। रात करीब 8 बजे जब सभी साथी मछली पकड़कर वापस घर लौट रहे थे, तभी परेवाडोल मार्ग पर यह हादसा हुआ। अंधेरे के कारण नंदलाल खेत के चारों ओर बिछाए गए जीआई तार को देख नहीं सका और उसकी चपेट में आ गया। जैसे ही नंदलाल करंट की चपेट में आकर झुलसने लगा, उसके साथी राजेश पंडो ने उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान राजेश भी करंट की झटके से घायल हो गया। नंदलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश का उपचार वर्तमान में जनकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। इस घटना में एक पालतू कुत्ता भी करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। कोटाडोल थाना के जांच अधिकारी चित्र बहोर यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि खेत मालिक ने फसल की सुरक्षा और जंगली जानवरों के शिकार के उद्देश्य से खेत के चारों ओर जीआई तार लगाया था। रात के समय पोल से सीधा अवैध कनेक्शन कर तारों में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित कर दिया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *