भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर डिस्कॉम की दो दिवसीय वृत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्रिक्रेट, वॉलीबॉल, रस्साकस्सी, कबड्डी, 100 मीटर दौड़, कैरम, शतरंज, बेडमिंटन के रोचक मुकाबले आयोजित हुए। जिसमें जिले भर के डिस्कॉम अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता बाड़मेर नरेन्द्र जोशी ने कहा कि खेल से तन व मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। विभागीय जिम्मेदारी के कारण अधिकांश समय अधिकारी- कर्मचारी काम के बोझ के कारण तनाव में रहते हैं। इस प्रकार के खेलों के आयोजन से तनाव दूर होता हैं, अधिकारी-कर्मचारी दुगने उत्साह से कार्य कर पाते हैं। अधीक्षण अभियंता बाड़मेर अशोक कुमार मीना ने बताया कि खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। इस प्रकार के खेलों का आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों में आपसी प्रेम व मेल मिलाप बढ़ाने के साथ ही काम का तनाव कम करना हैं। सभी अधिकारी- कर्मचारी खेलों को नियमित खेले ताकि शरीर स्वस्थ रहे और बीमारियां कम से कम हो। इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता बाड़मेर लक्ष्मणदास ने उत्साहवर्धन किया। इन्होंने जीता मैचः क्रिकेट प्रतियोगिता में बाड़मेर खंड व गुड़ामालानी खंड के बीच फाइनल मैच खेला गया जिसमें बाड़मेर खंड विजेता रही। वॉलीबॉल में बाड़मेर खंड विजेता व वृत टीम उप विजेता रही। रस्साकस्सी प्रतियोगिता में बाड़मेर खंड विजेता व बाड़मेर वृत टीम उप विजेता रही। कबड्डी में बाड़मेर वृत विजेता व बाड़मेर खंड उप विजेता रही। बैडमिंटन डबल में अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार मीना व लेखाधिकारी संदीप विश्नोई विजेता व कार्मिक अधिकारी शैलेन्द्र सत्यार्थी व सहायक अभियंता राणासिंह सत्यार्थी उप विजेता रहे। बैडमिंटन सिंगल में कनिष्ठ अभियंता प्रियंका अग्रवाल विजेता व सूचना सहायक रोहिणी उप विजेता रही। इसी तरह कैरम प्रतियोगिता में रामनारायणसिंह विजेता व सतीश पूनड़ उप विजेता, शतरंज में कनिष्ठ अभियंता सतीश गोदारा विजेता व लेखाकार बजरंग रोज उप विजेता रहे। 100 मीटर दौड़ में प्रथम देवेन्द्र कुमार, द्वितीय धीरसिंह व तृतीय चैनाराम चौधरी रहे। इन सभी प्रतिभागियों को गणतंत्र दिवस पर पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।


