भास्कर न्यूज | अमृतसर सीनियर डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा ने गुरु नानक नगर के वार्ड-15 में सीवरेज जाम की शिकायत पर मौके का दौरा किया। उन्होंने बताया कि लोग नरक जैसा जीवन व्यतीत करने के लिए मजबूर हैं। सीवरेज जाम होने के चलते दूषित पानी लोगों के घरों में घुसा हुआ है। लंबे समय से सीवरेज की समस्या लोगों के जी का जंजाल बने हुए हैं। दूषित पानी के चलते लोग कई तरह की बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी से इस वार्ड के इंचार्ज कर्मजीत सिंह ने उन्हें देर रात फोन पर जानकारी देते हुए क्षेत्र की समस्या बताई। गंदगी की एक वीडियो दिखाई तो वह दंग रह गई कि कैसे बुरे हालात में लोग अपना जीवन जीने के लिए मजबूर हैं। अधिकारियों और कर्मचारी को निर्देश जारी किए। देर रात टीम मौके पर पहुंची और समस्या का समाधान करने के लिए जुट गई। जांच में पाया गया कि सीवरेज की सफाई निरंतर ना होने के चलते हालात खराब हुए हैं। 12 फुट का सीवरेज पाइप है और उसमें 11 फीट तक गाद भरी हुई है। सीवरेज सफाई के बाद पानी डाउन होते ही पेयजल में आने वाली दिक्कत दूर हो पाएगी। फिलहाल जो दूषित पेयजल सप्लाई घरों में आ रही है उसका भी समाधान हो जाएगा। पिछली सरकारों द्वारा समय से समस्या पर ध्यान दिया गया होता तो स्थिति इतनी विकराल नहीं होती।


