भास्कर न्यूज | गरियाबंद जिले के स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत चल रही संविदा भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी और भ्रष्टचार की शिकायत सामने आने के बाद विभाग ने संशोधित मेरिट सूची जारी की है। इसके पहले विभाग में भर्ती नियम को दरकिनार कर अपने चहेते लाभ पहुंचाने को षड्यंत्र चल रहा था। आरोप है कि पैसे लेकर अपात्रों को पात्र और कम अंक वालों को मेरिट सूची में ऊपर पहुंचाया गया। 29 जनवरी को मामले की शिकायत विद्यार्थियों ने कलेक्टर से की थी। मामले को तुल पकड़ते देख एनएचएम के अधिकारियों ने पहले 2 फरवरी को आयोजित परीक्षा रद्द की फिर पूरी सूची निरस्त कर नई संशोधन लिस्ट जारी की हैं। उल्लेखनीय है कि गरियाबंद स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में विभिन्न पदों पर संविदा नियुक्ति निकली गई थी। इसे लेकर विद्यार्थियो ने आरोप लगाया था कि मेरिट सूची में धांधली की जा रही है। पहले जो अपात्र थे उन्हें दावा आपत्ति प्रक्रिया के बाद नियम विरुद्ध जाकर पात्र कर दिया गया है। जबकि भर्ती विज्ञापन में साफ लिखा था कि फोटो और सभी प्रमाण पत्र स्व-प्रमाणित नहीं होने पर आवेदन निरस्त किया जाएगा, लेकिन दावा-आपत्ति के दौरान दर्जनों ऐसे अभ्यर्थियों को पात्र कर दिया गया जिनके दस्तावेजों में हस्ताक्षर तक नहीं थे। जिसे लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे कि जब नियम स्पष्ट थे, तो फिर इन्हें किसके आदेश पर बदला गया।


