भास्कर न्यूज | गरियाबंद मैनपुर ब्लॉक के शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में एक महिला की नृशंस हत्या कर दी गई। चरित्र पर लांछन लगाने के विवाद में गांव की ही दो महिलाओं ने मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका सुमित्रा नेताम (37), पति दलसुराम नेताम, ग्राम गरीबा से लगभग 800 मीटर दूर खेत की लारी में निवास करती थी। उसकी गांव की दो महिलाओं सुगतिन नेताम (36) एवं ईतवारिन बाई (46) से पहले अच्छी बनती थी। तीनों सहेलियां थीं। लेकिन बाद में मननुटाव और विवाद होने लगा। बताया गया कि सुमित्रा नेताम द्वारा दोनों महिलाओं के चरित्र को लेकर गांव में लगातार आरोप लगाए जा रहे थे, जिससे दोनों आरोपी महिलाएं अत्यधिक आक्रोशित थीं। इसी रंजिश के चलते दोनों ने सुमित्रा की हत्या की साजिश रची। घटना के दिन आरोपी महिलाएं सुमित्रा की लारी में पहुंचीं, जहां उसके साथ लात-घूंसे और डंडे से बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि मारपीट से पहले मृतका के प्राइवेट पार्ट में मिर्च और अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे अमानवीय यातनाएं दी गईं, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना ग्राम सरपंच द्वारा पुलिस को दी गई। क्षेत्र के नक्सल प्रभावित और दुर्गम होने के कारण पुलिस टीम 2 फरवरी को मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। शोभा थाना प्रभारी नकुल सिदार ने बताया कि प्राथमिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि चरित्र लांछन को लेकर हुई रंजिश में सुगतिन नेताम एवं इतवारिन बाई ने मिलकर सुमित्रा नेताम की हत्या की है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।


