भास्कर न्यूज| महासमुंद शासकीय प्राथमिक शाला खट्टीडीह में बुधवार को चिरायु दल के सहयोग से स्कूली बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर चिरायु दल की चिकित्सकीय टीम में डॉ. रूही नाज, डॉ. ओंकार गुप्ता, योगेश्वरी ध्रुव एवं मीना पटेल उपस्थित रहीं। दल द्वारा बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, आंख, कान, नाक, गला, दंत, ऊंचाई-वजन मापन एवं पोषण संबंधी परामर्श दिया गया। परीक्षण के दौरान जिन बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाई गई, उन्हें आवश्यक उपचार एवं आगे की जांच के लिए संबंधित स्वास्थ्य केंद्र में संदर्भित किया गया। इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर से विद्यालय के कुल 28 विद्यार्थियों को लाभ मिला। विद्यालय के प्रधान पाठक गोपाल साहू ने कहा कि ऐसे जांच परीक्षण समग्र स्वास्थ्य एवं समय पर रोग पहचान में अत्यंत सहायक हैं। इस दौरान स्वच्छता, पौष्टिक आहार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी भी दी गई।


