गणतंत्र दिवस परेड में इकलौता जूनियर अफसर बना शहर का कविश

विक्की कुमार | अमृतसर गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान नई दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित प्रधानमंत्री रैली में मार्च करने के लिए चयनित होकर भवंस एसएल पब्लिक स्कूल के कक्षा 9वीं के छात्र कविश रजदान ने राष्ट्रीय स्तर पर इतिहास रच दिया। कविश इस रैली में मार्च करने वाले देश के एकमात्र जूनियर ऑफिसर रहे। इस दौरान कविश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात और सम्मान का अवसर मिला। कविश ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ बिताए गए कुछ मिनट उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पल रहे। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने उन्हें एकता और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया और जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए इसी मंत्र को अपनाने की प्रेरणा दी। कविश का कहना है कि कर्तव्य पथ पर कदम रखते समय जो गर्व उन्हें महसूस हुआ, उसकी तुलना किसी भी अनुभव से नहीं की जा सकती। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने स्कूल, परिवार, एनसीसी बटालियन के अधिकारियों और प्रशिक्षकों को दिया। कविश ने कहा कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। मैंने जो सपना देखा था, वह आज पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भारतीय सेना में अधिकारी बनना है, इसी उद्देश्य से उन्होंने एनसीसी जॉइन की थी। बता दे कि गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में यह रैली 28 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के करियप्पा रोड पर हुई थी, जिसमें आर्मी, डिफेंस आदि के अधिकारी भी मौजूद थे। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कविश ने करीब 6 महीने तक कड़ी मेहनत की। जून 2025 से 5 फरवरी 2026 के बीच उन्होंने 13 कठिन एनसीसी प्रशिक्षण शिविरों में भाग लिया। इन शिविरों में उन्होंने ड्रिल, बेस्ट कैडेट प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नेतृत्व गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्हें इंटर ग्रुप प्रतियोगिता (टैप-3) में बेस्ट कैडेट घोषित किया गया। उन्हें एडिशनल डायरेक्टर जनरल एनसीसी और पंजाब के राज्यपाल द्वारा 10,000 रुपए नकद पुरस्कार दिया गया। प्रधानमंत्री रैली में भाग लेने के बाद कविश को एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है, जिससे वे एनडीए में सीधे प्रवेश के पात्र हो गए हैं। उन्हें एएफपीआई मोहाली में छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री रैली में एकमात्र जूनियर ऑफिसर के रूप में मार्च करने के बाद उन्हें सीनियर अंडर ऑफिसर (एसयूओ) के पद पर पदोन्नत किया गया है। आने वाले दिनों में ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह द्वारा उन्हें अमृतसर ग्रुप मुख्यालय में औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। स्कूल के अध्यक्ष अविनाश महेंद्रू, भवन्ज निर्देशिका डॉ. अनीता भल्ला और प्राचार्या सोनिया सहदेव ने कविश रजदान और उनके अभिभावकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *