रेगिस्तानी बाड़मेर में इन दिनों गर्मी सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ रही है। 26 साल पुराने अप्रैल फर्स्ट वीक का रिकॉर्ड तोड़कर तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया है। इस सीजन पहली बार लू के कारण जनजीवन प्रभावित रहा है। इस माह के पहले सप्ताह में ही गर्मी मई-जून जैसी सताने लगी है। महज 7 दिनों में सूरज ने ऐसे तेंवर दिखाए कि दिन का पारा 6 डिग्री बढ़कर 46 डिग्री के करीब पहुंच गया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल तक गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। दरअसल, रविवार को भीषण गर्मी के कारण दिन में बाड़मेर की सड़कें सूनी रही। हाल ये थे कि दोपहर 2 बजे सड़कों पर सन्नाटा पसरा था, मानो कर्फ्यू लगा हो। वहीं गर्मी और लू के कारण ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर लोग बचाव करते नजर आए। शहर के गन्ना ज्यूस, कोल्ड ड्रिंक और अन्य ज्यूस कॉर्नर पर शाम के समय भी लोगों की भीड़ देखी गई। पहली बार इतनी भीषण गर्मी के कारण लोगों के पसीने छूटे। सूरज गर्मी के तीखे तेवर का असर अब रात में भी दिख रहा है। 26 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 6 अप्रैल को बाड़मेर में अप्रैल के फर्स्ट वीक रिकॉर्ड तोड़ अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री दर्ज हुआ है। जो कि औसत से 6.8 डिग्री ऊपर है। इससे पहले अप्रैल के फर्स्ट वीक में 45.2 डिग्री 3 अप्रैल को 1998 को दर्ज किया गया था। पूरे अप्रैल माह में 2017 में रहा था 45.8 डिग्री तापमान साल 2017 के बाद अप्रैल महीने में बाड़मेर में सर्वाधिक पारा रविवार को दर्ज किया गया। 16 अप्रैल 2017 को अधिकतम पारा 45.8 डिग्री था, जबकि अब रविवार को अधिकतम पारा 45.6 डिग्री रहा। 2017 के बाद 7 साल में यह सर्वाधिक पारा है। अप्रैल के महीने में 2018 में 45.4, 2019 में 44.2, 2020 में 43.0, 2021 में 43.8, 2022 में 45.2, 2023 में 41.2, 2024 में 42.4 डिग्री तापमान रहा था। अभी तो अप्रैल का प्रथम सप्ताह ही चल रहा है कि गर्मी रिकार्ड तोड़ने लगे है। 10 अप्रेल तक गर्मी का रेड अलर्ट मौसम विभाग ने 10 अप्रैल तक गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में 4 दिन तक लू और गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम ही है। 10 अप्रैल को बादल छाए रहने के साथ ही आंधी चलने से तापमान में गिरावट शुरू होगी। 5 दिनों में बढ़ा 5 डिग्री तापमान


