भास्कर न्यूज | लुधियाना गलाडा के रेगुलेटरी विंग ने गांव नंदपुर और जंडियाली में चार अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए उनकी सड़कों और अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। डेवलपर्स को पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अवैध निर्माण कार्य नहीं रोका। इसके बाद गठित विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जो पूरी तरह शांतिपूर्ण और बिना किसी विरोध के संपन्न हुई। गलाडा ने लुधियाना जिले में अवैध कॉलोनियों का विकास करने वाले बिल्डरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की भी सिफारिश की है। एक प्रवक्ता ने बताया कि अवैध एवं अव्यवस्थित विकास के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है, विशेष रूप से अवैध कॉलोनियों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन लोगों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया है जो सस्ती कीमत पर प्लॉट देने के नाम पर मासूम लोगों को ठग रहे हैं, जबकि ये कॉलोनियां किसी भी प्रकार की वैधानिक स्वीकृति और सरकारी मापदंडों का पालन नहीं करतीं। मुख्य प्रशासक संदीप कुमार ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट, मकान या संपत्ति न खरीदें, क्योंकि ऐसी कॉलोनियों में जीएलएडीए पानी, सीवरेज, बिजली आदि किसी प्रकार की सरकारी सुविधा उपलब्ध नहीं कराएगा। उन्होंने कहा कि गलाडा की आधिकारिक वेबसाइट पर स्वीकृत और नियमित की गई कॉलोनियों की सूची उनके मानचित्रों सहित उपलब्ध है।


