गले में लटकाया, शरीर पर चिपकाया आवेदन, गोवंश को बचाने, वेतन नहीं मिलने की गुहार

भास्कर संवाददाता|विदिशा/ सिरोंज कलेक्टोरेट और एसपी कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर अलग-अलग अनोखे अंदाज में पहुंचे। शहर के मचल सिंह ने गले में पन्नियां खाते हुए गोवंश की फोटो लटकाई थी। हाथ में मांग लिखी तख्ती थी। उन्होंने कहा कि गोवंश के लिए गोशालाओं में व्यवस्था होनी चाहिए। सड़कों पर पन्नियां खाने और दुर्घटनाओं में उनकी मौत हो रही है। उनका बचाव जरूरी है। वहीं सिरोंज में अगस्त का वेतन नहीं मिलने से शिक्षक वेदप्रकाश राजपूत शिकायत का पर्चा शरीर पर चिपका रखा था। वे काफी देर तक तहसील कार्यालय के गेट पर खड़े रहे। वेदप्रकाश ने बताया कि वे शासकीय हाईस्कूल रतनबर्री में पदस्थ हैं। अगस्त में नियमित रूप से स्कूल में उपस्थिति दी। बावजूद प्रभारी ने शिक्षक पंजी में हस्ताक्षर नहीं करने दिए। उनकी उपस्थिति आहरण केन्द्र तक नहीं भेजी गई। वे जिला शिक्षा अधिकारी से भी शिकायत कर चुके हैं। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कलेक्टर को आवेदन देकर वेतन दिलवाने की मांग की है। साहब 3 माह पहले 6 भैंसें चोरी हुई, रिपोर्ट नहीं लिखी: लटेरी तहसील के झूकरजोगी गांव से आए वृद्ध शंभुनाथ ने एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे से कहा कि उसकी छह भैंसें चोरी हो गईं। घटना को तीन महीने से ज्यादा हो गए, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी। आशंका भी जताई कि अगरा पठार गांव में किसी ने भैंसें छिपा ली हैं। एएसपी डॉ. चौबे ने संबंधित थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। समग्र शिक्षा अभियान के तहत आईसीटी लैब के लिए नियुक्त कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर ने कहा कि उन्हें अतिथि शिक्षक वर्ग 2 (आईटी) के पद पर रखा गया था। अब लोक शिक्षण संचालनालय ने इस पद को आउटसोर्स व्यवस्था में बदलने का निर्देश दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *