बंटी नगर से मिर्जापुर बायपास तक फोरलेन बनेगा, 3 लाख लोगों को 4 माह बाद फायदा

भास्कर संवाददाता | विदिशा शहर में बुधवार से विकास कार्यों का श्रीगणेश होने जा रहा है। इसमें बंटी नगर से मिर्जापुर बायपास तक 2.5 किमी लंबी फोरलेन सीसी सड़क बनेगी। जिसका निर्माण 4 महीने में होगा। वहीं फोरलेन के निर्माण के बाद 3 लाख से ज्यादा लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। भोपाल और सागर जाने वाले यात्रियों, कृषि मंडी आने वाले किसानों और रैक प्वाइंट से माल ढोने वाले वाहनों को राहत मिलेगी। सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत होगा। सड़क 40 फीट चौड़ी होगी। दोनों ओर 20-20 फीट की सीसी रोड बनेगी। बीच में डिवाइडर रहेगा। डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट के पोल लगाए जाएंगे। इससे रात में अंधेरे की समस्या नहीं रहेगी। शहर की आठ अन्य प्रमुख सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया भी चल रही है। स्वीकृति मिलते ही उनका काम भी शुरू होगा। इन सड़कों की कुल लंबाई करीब 10 किमी है। इनके बनने से शहरवासियों को खराब सड़कों से राहत मिलेगी। आज विकास के बड़े आदेश हो सकते हैं जारी, पार्षद धरने पर डटे मंगलवार को प्रीति शर्मा ने नगर पालिका अध्यक्ष का प्रभार फिर से लिया। उम्मीद थी कि मंगलवार को आदेश जारी हो सकतें हैं। लेकिन उन्होंने बताया कि बुधवार को आदेश जारी किए जाएंगे। पार्षदों की मांगों पर भी विचार चल रहा है। वहीं गांधी चौक पर धरने पर बैठे पार्षद मंगलवार को भी डटे रहे। पार्षद प्रतिनिधि जमना कुशवाह ने कहा कि जब तक माधवगंज से रामलीला वाली सड़क का निर्माण शुरू नहीं होता, धरना खत्म नहीं होगा। धरने को 28 दिन पूरे हो चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *