भास्कर न्यूज | छुरीकला प्रशासन भले ही नल-जल योजना से घर-घर पानी पहुंचाने लाख दावे करे, पर जमीनी हकीकत कुछ और है। ग्रामीण क्षेत्रों मे पानी समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों को एक किमी दूर ढोढ़ी व नाले से गंदा पानी लाना पड रहा है। वहीं विभागीय अधिकारी कागजों पर खाना पूर्ति कर रहे हैं। कटघोरा जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 3 ग्राम पंडरीपानी, डिडोलभाठा, छिरहुट, बिरवट, लोतलोता, नवागांव कला, मड़वामौहा में हैंडपंप लंबे समय से बंद पड़े हैं। इसे सुधारने को लेकर क्षेत्र के जनपद सदस्य शारदा लता जीवन यादव ने जनपद पंचायत के अधिकारी व लोक यांत्रिकी विभाग कटघोरा को कई बार अवगत करा चुकी हैं। अधिकारियों ने सुधारने को लेकर अब तक कोई पहल नहीं की है। इसकी वजह से क्षेत्र के ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्राम पंडरीपानी में आंगनबाड़ी के पास हैंडपंप में पर्याप्त पानी है, लेकिन भू-जल स्रोत नीचे चले जाने से घंटों इंतजार करना पड़ता है। यही समस्या पूरे अंचल के ग्राम पंचायत क्षेत्र में है। सुबह होते ही महिला-पुरुष पानी व्यवस्था में लग जाते हैं, जो देर रात तक व्यवस्था में परेशान होते हैं। वहीं विभाग ने पाइप बढ़ाने कोई पहल नहीं की है। जनपद सदस्या शारदा लता यादव ने बताया कि गर्मी बढ़ते ही ग्रामीण क्षेत्रों मे पानी समस्या बढ़ने लगी है।


