गांव की ओर प्रशासन, 6 दिनों तक ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगे अफसर, समाधान भी करेंगे

भास्कर न्यूज| राजनांदगांव आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 19 से 24 दिसम्बर तक सुशासन सप्ताह के तहत प्रशासन गांव की ओर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को संवेदनशीलता पूर्वक निराकरण करें तथा जिम्मेदारी एवं योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिले में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर, विकासखंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से जनसामान्य की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जनसामान्य की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। सुशासन सप्ताह अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सुशासन से संबंधित मुद्दों पर बातचीत करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के इस अभियान में सभी की सक्रिय सहभागिता होनी चाहिए तथा जन शिकायतों का निराकरण और सेवाओं की गुणवत्ता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अच्छी सुविधाएं मिलनी चाहिए तथा शासन की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। कलेक्टर अग्रवाल ने सभी विभागों को शिकायतों का निराकरण करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जनसहभागिता से प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में स्मार्ट टीवी एवं संपर्क डिवाईस के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहतरीन पहल की गई है। जल संरक्षण के लिए मिशन जल रक्षा अभियान चलाया जा रहा जिला प्रशासन द्वारा कुपोषित बच्चों को सुपोषण की श्रेणी में लाने के लिए पोट्ठ लईका पहल तथा जल संरक्षण के लिए विशेष तौर पर मिशन जल रक्षा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शासन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। किसानों को लाभान्वित करने के लिए कृषि एवं उससे जुड़े संबंधित विभाग कार्य करें। शिविर में बैंकर्स को भी उपस्थित रहने के लिए कहा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर आदि मौजूद रहे। जनादेश परब में शिविर और मितानिन सम्मेलन आयोजित शासन के एक वर्ष पूर्ण होने पर जनादेश परब के अवसर पर छुरिया विकासखंड में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, रक्तदान शिविर तथा मितानिन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला पंचायत गीता घासी साहू, अध्यक्ष जनपद पंचायत छुरिया किरण वैष्णव, रविन्द्र वैष्णव, संजय सिन्हा, तेजराम साहू, धन्नाराम यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। सीएमएचओ नेतराम नवरत्न ने बताया कि शिविर में नागरिकों का स्वास्थ्य जांच की गई। जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कालेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपचार करते हुए काउंसलिंग की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *