जालंधर| पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर गढ़ी के हस्तक्षेप से गांव धुलेता का जमीन विवाद सुलझ गया है। शनिवार को चेयरमैन गांव धुलेता पहुंचे और मौके का जायजा लिया। उन्होंने पंचायत, गुरुद्वारा कमेटी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत की और सभी पक्षों का दृष्टिकोण जाना। उन्होंने निर्णय लिया कि ग्राम पंचायत धुलेता ने सर्वसम्मति से श्री गुरु रविदास कम्युनिटी हॉल के निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित किया। इसके अलावा विवाद के स्थायी समाधान के लिए खसरा नंबर में जमीन को ट्रांसफर करने का प्रस्ताव पारित किया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो आयोग सख्त कार्रवाई करने से परहेज नहीं करेगा। इस मौके पर एसडीएम परलीन कौर बराड़, डीएसपी एसएस बल, डिप्टी सीईओ जिला परिषद सुखबीर कौर, तहसीलदार मंदीप सिंह, बीडीपीओ जसजीत कौर, सरपंच सुखबीर सिंह सुखी, जसवीर राम विर्दी, धर्मपाल विर्दी और मनजीत कौर, बहादर राम और अमरजीत मौजूद थे।


