भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह जिले में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों तक जिले का न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसका असर खासकर सुबह के समय देखने को मिलेगा, जब लोगों को ज्यादा ठंड का सामना करना पड़ेगा। पिछले दो दिनों से ठंड अचानक बढ़ी है। पांच दिन पहले तक मौसम सामान्य था और लोगों को ठंड का खास एहसास नहीं हो रहा था, लेकिन अब सुबह और शाम दोनों समय ठिठुरन महसूस की जा रही है। अहले सुबह से लेकर करीब सुबह 8 बजे तक कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि 3 फरवरी को राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। अगर गिरिडीह या आसपास के इलाकों में बारिश होती है, तो ठंड और बढ़ सकती है। साथ ही ठंडी हवा भी लगातार चल रही है, जिससे फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है। सुबह के समय कोहरा छंटने के बाद आसमान में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। सुबह 9 बजे के बाद मौसम थोड़ा साफ होने की उम्मीद है। दिन में मौसम शुष्क रहेगा और धूप भी निकल सकती है, जिससे कुछ समय के लिए राहत मिलेगी। हालांकि शाम होते ही फिर से ठंडी हवा चलने लगेगी और तापमान गिरने से ठंड बढ़ जाएगी। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनने और खासकर बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान रखने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में गिरिडीह में ठंड का असर बना रहेगा, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। चार दिनों के बाद बढ़ेगा 4 डिग्री न्यूनतम तापमान मौसम विभाग के अनुसार चार दिनों के बाद मौसम में परिवर्तन होता हुआ नजर आने लगेगा। चार दिनों के बाद धीरे-धीरे न्यूनतम पारा का चढ़ना शुरू हो जाएगा। करीब 3-4 डिग्री पारा चढ़ने की उम्मीद है, उसके बाद लोगों को सुबह और शाम में लगने वाली ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान भी वृद्धि होगी।


