पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बीडीओ को मिला एसआईआर सुनवाई का नोटिस

भास्कर न्यूज | खड़गपुर पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन-दो प्रखंड के प्रखंड विकास अधिकारी अभिरूप भट्टाचार्य को एसआईआर हियरिंग (सुनवाई) का नोटिस जारी किया गया है। उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि गणना प्रपत्र में उनके पिता के नाम की वर्तनी और विशेष गहन पुनरीक्षण दो हजार दो की सूची में दर्ज नाम के बीच असंगति पाई गई है, इसी कारण उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया है। पश्चिम बंगाल सिविल सेवा (कार्यपालिका) के अधिकारी अभिरूप भट्टाचार्य वर्तमान में दांतन विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता शक्तिधर भट्टाचार्य केंद्र सरकार के सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी हैं, जबकि उनकी माता साधना भट्टाचार्य भारत संचार निगम लिमिटेड की सेवानिवृत्त वरिष्ठ मंडलीय अभियंता हैं। वर्तमान में उनके वृद्ध माता-पिता कोलकाता के बेलेघाटा क्षेत्र में निवास करते हैं। जिला प्रशासन सूत्रों के स्वयं अभिरूप भट्टाचार्य ने सुनवाई के लिए लगभग दो सौ लोगों को बुलाया है। इसी बीच उन्हें स्वयं सुनवाई का नोटिस प्राप्त हुआ। इस संबंध में मीडिया की ओर से संपर्क किए जाने पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है और फिलहाल सुनवाई में उपस्थित न होने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य (एसआईआर) से जुड़े अधिकारियों को सुनवाई का नोटिस भेजे जाने की घटनाएं नई नहीं हैं। पूर्व भरतपुर-दो प्रखंड के प्रखंड विकास अधिकारी अनिर्बाण सेनगुप्ता को भी इसी प्रकार का नोटिस भेजा गया था। इससे पहले तमलुक के बीडीओ और सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारी शेख वासिम रजा को भी सुनवाई के लिए बुलाया गया था। इसके अलावा राज्य के कई उपजिलाधिकारी और सचिव स्तर के अधिकारी भी इस प्रक्रिया के अंतर्गत नोटिस प्राप्त कर चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *