गिरिडीह में लग्जरी कार से 284 बोतल अवैध शराब जब्त:तिसरी पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बिहार में तस्करी विफल की

गिरिडीह के तिसरी थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक लग्जरी टोयोटा ग्लान्जा कार से 284 बोतल विदेशी शराब जब्त की और मौके से कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। यह शराब बिहार ले जाई जा रही थी। खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यह कार बंगाल निर्मित शराब से भरी थी और तिसरी होते हुए लोकाय, थानसिंहडीह मार्ग से बिहार की ओर जा रही थी। बरामद शराब की कीमत लगभग 45 हजार से 50 हजार तक है। बरमसिया-चंदौरी रोड पर कार ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ को कार पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर वाहन में छिपाए गए शराब के पैकेट मिले, जिसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कार को नईटांड मार्ग से बरामद कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया इधर, चालक कार लेकर नईटांड की ओर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, तिसरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार को नईटांड मार्ग से बरामद कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब की तस्करी के लिए कार में गुप्त खांचे बनाए गए थे। डिक्की, बोनट के नीचे इंजन के पास की खाली जगह और कार के निचले हिस्से को टिन की चादर व स्क्रू से बंद करके ये खांचे तैयार किए गए थे, जिनमें शराब के पैकेट छिपाए गए थे। यह तस्करी का एक सुनियोजित तरीका था। खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि जब्त की गई कुल 284 बोतलों में ‘ओनली फॉर सेल इन बंगाल’ लिखी 180 एमएल की 274 बोतलें और 10 अतिरिक्त बोतलें शामिल हैं। गिरफ्तार चालक की पहचान बिहार के बेगूसराय जिले के बिष्णुपुर निवासी राजेश मंडल (पिता बनारसी मंडल) के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में प्रभारी एसआई नंदजी राय, हवलदार उमेश भारती, नीरज कुमार और राहुल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की तत्परता से शराब तस्करी की एक बड़ी कोशिश को विफल कर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *