बसिया में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत:मवेशी के अचानक सामने आने से बाइक अनियंत्रित हुई

गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में 36 वर्षीय कुलदीप कुल्लू की मौत हो गई। कुलदीप तेतरा गांव के निवासी सिरिल कुल्लू के पुत्र थे। सूचना मिलने पर बसिया थाना के एसआई संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। मृतक के परिजनों में से निरंजन खेस ने बताया कि कुलदीप अपने घर के रंग-रोगन के लिए कुछ सामान लेने बसिया चौक जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर दो अन्य लोग भी सवार थे। रास्ते में अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बसिया उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने कुलदीप कुल्लू को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो लोगों को मामूली चोटें आईं। कुलदीप कुल्लू अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *