गुना जिले में 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” थीम पर आधारित इस अभियान के तहत गुना पुलिस ने दंडात्मक कार्रवाई के बजाय जन-जागरूकता और यातायात सुधार पर फोकस किया है। इसी क्रम में जिले में प्रत्येक मंगलवार को “ट्रैफिक सेफ्टी डे” मनाया जाएगा, जिस दिन चालान नहीं काटे जाएंगे और लोगों को समझाइश देकर यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा। दुर्घटनाओं को शून्य तक लाने का लक्ष्य
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और जन-जीवन की सुरक्षा के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाया जा रहा है। गुना जिले में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में फोर पिलर मॉडल—इंजीनियरिंग, एजुकेशन, एनफोर्समेंट और इमरजेंसी केयर—के तहत व्यापक कार्ययोजना लागू की गई है। अभियान के तहत दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अवैध कट बंद करने, स्पीड ब्रेकर निर्माण, साइन बोर्ड और रेडियम पट्टी लगाने, ब्लैक स्पॉट सुधार, अस्थाई गोलंबर, डिवाइडर, रोड स्टड, डेलीनेटर और वॉल गार्ड जैसी संरचनात्मक व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि सड़कें अधिक सुरक्षित बन सकें। स्कूलों से गांव तक जागरूकता अभियान
एजुकेशन पिलर के अंतर्गत स्कूल-कॉलेजों, ग्रामीण चौपालों और यातायात चौपालों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही सोशल मीडिया के जरिए ट्रैफिक अवेयरनेस, राहवीर योजना, कैशलेस उपचार योजना और हिट एंड रन मुआवजा योजना का प्रचार किया जाएगा। सख्ती के साथ समझाइश
एनफोर्समेंट के तहत ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और गलत साइड ड्राइविंग जैसे गंभीर उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं सामान्य मामलों में वाहन चालकों को परामर्श देकर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इमरजेंसी केयर पिलर में सड़क दुर्घटनाओं के बाद गोल्डन ऑवर के भीतर प्राथमिक उपचार, एम्बुलेंस सुविधा और अस्पतालों से समन्वय कर घायलों की जान बचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, गति सीमा का पालन और नशे में वाहन न चलाना जैसे छोटे कदम बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखें।


