गुना में 384 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं को नोटिस:मुख्यालय पर न रहकर दूसरी जगह से आना जाना करती हैं; सेवा समाप्ति के नोटिस जारी

जिले में मुख्यालय पर निवास न करने के कारण 384 आंगनबाडी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को सेवा समाप्ति के लिए कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। महिला बाल विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विभाग के अंतर्गत परियोजना आरोन, बमोरी, चाचौडा, गुना ग्रामीण और राधौगढ की 292 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 92 आंगनबाड़ी सहायिका, आंगनबाड़ी केंद्र मुख्यालय पर निवास न कर अन्य जगह से आना जाना करती है। इससे आंगनबाड़ी केन्‍द्रों का नियमित रूप से संचालित नहीं होता है साथ ही आंगनबाड़ी में दर्ज हितग्राहियों को समय सीमा में विभाग की योजनाओं से वंचित होना पड़ता है और जन-सामान्‍य द्वारा शिकायत की जाती है। इसकी रोकथाम करने और समय से आंगनबाड़ी का संचालन हो, इसके लिए कलेक्टर किशोर कुमार कन्‍याल के निर्देश पर अब्दुल गफ्फार जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास गुना द्वारा मुख्यालय पर निवास न करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं को नोटिस जारी किए गए हैं। जिले में 292 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 92 सहायिका कुल 384 को परियोजना अधिकारी के माध्यम से सेवा समाप्ति किये जाने के लिए कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाकर उत्तर चाहा गया है। उत्तर संतोषजनक न होने पर सक्षम स्‍वीकृति के बाद संबंधितों की सेवा समाप्‍त करने संबंधी कार्यवाही की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *