गुना में 850 किलो अमानक पॉलीथिन जब्त:बेचने वाले पर भी 11 हजार का जुर्माना लगाया; बीनागंज में भी सिंगल यूज पॉलीथिन पर कार्रवाई

गुना नगरपालिका ने अमानक पॉलीथिन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में बिक्री के लिए लाई गई करीब 850 किलो अमानक पॉलीथिन जब्त की है। साथ ही संबंधित विक्रेता पर 11 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। नगर पालिका परिषद की प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी मंजुषा खत्री, स्वास्थ्य अधिकारी शिवराज सिंह सिकरवार, सेनेट्री इंस्पेक्टर विवेक श्रीवास्तव और स्टाफ द्वारा यह कार्रवाई की गई। नानाखेड़ी क्षेत्र से मिली थी सूचना
निरीक्षण के दौरान नानाखेड़ी क्षेत्र में अमानक पॉलीथिन पाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर स्वास्थ्य अधिकारी शिवराज सिंह सिकरवार और सेनेट्री इंस्पेक्टर विवेक श्रीवास्तव ने मौके पर जांच की। जांच सही पाए जाने पर प्रभारी सीएमओ मंजुषा खत्री को अवगत कराया गया। इसके बाद सीएमओ दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं और 850 किलो अमानक पॉलीथिन जब्त की गई। संबंधित विक्रेता पर 11 हजार रुपए का चालान किया गया। पर्यावरण को नुकसान, बायोडिग्रेडेबल थैलों की अपील
प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी मंजुषा खत्री ने शहर के सभी विक्रेताओं और उपभोक्ताओं से अमानक व सिंगल यूज पॉलीथिन के क्रय-विक्रय से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन से पर्यावरण को गंभीर नुकसान होता है और यह जानवरों के लिए भी घातक है। इसके स्थान पर बायोडिग्रेडेबल थैलों का उपयोग किया जाना चाहिए। बीनागंज में भी सख्त अभियान
नगरपालिका क्षेत्र बीनागंज में भी कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के मार्गदर्शन में एसडीएम चांचौड़ा रवि मालवीय और मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओम त्रंबकेश्वर द्वारा संयुक्त रूप से अवैध अतिक्रमण एवं सिंगल यूज पॉलीथिन के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों से अवैध निर्माण हटाए गए और बाजार क्षेत्रों में पॉलीथिन उपयोग पर सख्त कार्रवाई की गई। दुकानदारों को पॉलीथिन का उपयोग न करने की कड़ी समझाइश दी गई और वैकल्पिक रूप से बायोडिग्रेडेबल बैग नि:शुल्क वितरित किए गए। इस अभियान में कुल 12,900 रुपए की चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान राजस्व, पुलिस और नगर पालिका का संयुक्त अमला मौजूद रहा। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि आगे भी अमानक और सिंगल यूज पॉलीथिन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *