गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कामडारा थाना प्रभारी शशि प्रकाश के अनुसार, घटना 17 मई की सुबह की है। नरसिंहपुर बड़कटोली गांव में एक युवती अपनी दो सहेलियों के साथ नाच समारोह से लौट रही थी। इस दौरान कुछ युवकों ने उन्हें दौड़ाना शुरू कर दिया। दो सहेलियां तो भागने में सफल रहीं, लेकिन एक खेत में गिर गई। इसके बाद छह युवकों ने उसके साथ रेप किया और फरार हो गए। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा और आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले में सलन बारला (20), बंधना बारला (18), बिराज बारला (19) समेत दो नाबालिग और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दो नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


