गुरु को नमन . ऑक्शन हाल में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया

भास्कर न्यूज | गरियाबंद जिले में शिक्षक दिवस के अवसर पर वन विभाग के ऑक्सन हॉल में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी शामिल हुई। अध्यक्षता राजिम विधायक रोहित साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। उनका योगदान केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि वे विद्यार्थियों के जीवन को आदर्श, अनुशासन और संस्कार से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के तकनीकी क्रांति के दौर में शिक्षकों जिम्मेदारी और बढ़ गई है। वे विद्यार्थियों को डिजिटल युग के अनुरूप तैयार करें। बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखकर समाज की सेवा और राष्ट्रभक्ति का भाव भी उनमें जागृत करें। माता पिता बच्चे को जन्म देते हैं लेकिन उन्हें शिक्षक जिम्मेदार इंसान बनाते हंै: इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने अपने कहा कि शिक्षक जीवनभर विद्यार्थियों का पथ-प्रदर्शन करते हैं। माता-पिता बच्चों को जन्म देते हैं, लेकिन उन्हें जिम्मेदार इंसान बनाने का कार्य शिक्षक ही करते हैं। बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देते बल्कि वे संस्कारों की नींव रखते हैं। युवा पीढ़ी को शिक्षकों का मार्गदर्शन ही सही दिशा दे सकता है। कार्यक्रम को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में अर्द्धवार्षिकी सेवा पूर्ण करने वाले 09 शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार 11 उत्कृष्ट व्याख्याता, 11 प्रधानपाठक, 13 शिक्षक, 11 सहायक शिक्षक, 11 दिव्यांग शिक्षक को भी उल्लेखनीय कार्य करने पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *