गुरु नाला पर रिटेनिंग वॉल, 10 पुलिया बनाने नपा को नहीं मिले 1.80 करोड़

राकेश जायसवाल | कवर्धा शहर के गुरु नाला को सहेजने और संवारने का प्लान बीते 4 साल में पूरा नहीं हो सका है। गुरु नाला पर रिटेनिंग वॉल और 10 छोटी पुलिया बनाने के लिए 1.80 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बना था। जुलाई 2024 में प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को भेजे थे, लेकिन 10 महीने से प्रस्ताव अटका हुआ है। नगर पालिका को राशि नहीं मिलने से उस पर काम शुरू नहीं हो पाया है। गुरु नाला को सहेजने और संवारने की प्लानिंग वर्ष 2021 से की जा रही है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार में गुरु नाला के पक्की करण की योजना बनाई थी। इसके लिए 1.22 करोड़ रुपए जारी कर दिए थे। टेंडर भी निकाले गए, लेकिन काम ही शुरू नहीं हुआ। फिर मई 2024 में तत्कालीन नपा के कार्यकारी अध्यक्ष मनहरण कौशिक के समय गुरु नाला की सफाई कराई गई। नाला पर रिटेनिंग वॉल और 10 स्थानों पर छोटी पुलिया बनाने योजना तो बनी पर काम शुरू नहीं हुआ। पुराने प्रोजेक्ट पर काम नहीं: पुराने प्रोजेक्ट पर काम नहीं हुआ। अब नगर पालिका तीसरी बार नाला को सहेजने प्लान बना रही है। नई प्लानिंग के तहत नाला पर 10 से 12 फीट तक आरसीसी कांक्रीट कराई जाएगी। नाला की बची जमीन पर एप्रोच रोड बनवाएंगे और दोनों पाट पर पौधरोपण कराएंगे। इसे लेकर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जा रही है। नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी का कहना है कि पूर्व में नाले में जहां मोड़ है, वहां रिटर्निंग वॉल बनाने और 10 स्थानों पर छोटी पुलिया बनाने प्रस्ताव भेजे थे। उसे स्वीकृति नहीं मिली है। अभी नाले में 10 से 12 फीट तक आरसीसी कांक्रीटीकरण कराने, बची जमीन पर एप्रोच रोड बनाने और पौधरोपण के लिए डीपीआर तैयार कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *