गोरखपुर पुलिस ने अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाया है। गैंग बनाकर अपराध करने वाले बदमाशों की संपत्तियां जब्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। 2024 में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा के बाद, 50 गैंगस्टरों की संपत्ति जब्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। SSP ने दिए सख्त निर्देश
SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने अधिकारियों को गैंगस्टरों की संपत्ति की जांच तेज करने और जल्द से जल्द जब्ती की कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया है। जालसाजी जैसे मामलों से जुड़े गैंगस्टरों को प्राथमिकता दी जा रही है। अधिकारियों को हर गैंगस्टर के मामलों की गहन समीक्षा कर संपत्ति का ब्योरा जुटाने और जब्ती सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जालसाजों पर सबसे पहले कार्रवाई
शुरुआती कार्रवाई में जालसाजी से जुड़े बदमाशों को निशाने पर लिया गया है। एसपी नॉर्थ ने फरवरी तक छह गैंगस्टरों की संपत्ति जब्त करने की सूची तैयार कर ली है। एसपी सिटी और अन्य अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में गैंगस्टरों की संपत्ति की जांच में जुट गए हैं। सीओ स्तर के अधिकारियों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है। पुलिस का सख्त संदेश
गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ बड़ा हथियार साबित हो रही है। संपत्ति जब्ती के जरिए अपराधियों की अवैध कमाई पर सीधा प्रहार किया जा रहा है। SSP ने कहा कि संपत्ति जब्ती की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है। गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। बदमाशों में खौफ कायम
पुलिस का मानना है कि संपत्ति जब्ती की कार्रवाई से बदमाशों और माफियाओं में डर बना हुआ है। अपराध से अर्जित संपत्ति पर सीधा वार कर पुलिस ने अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर किया है। यह अभियान 2024 में और तेज किया जाएगा, ताकि गोरखपुर को अपराध मुक्त बनाया जा सके।


