क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के साथ 2.65 लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित पर जब और पैसे निवेश करने का दबाव बनाया जाने लगा तब उसे ठगी की जानकारी हुई। मामले की शिकायत पीड़ित ने सेक्टर-113 थाने की पुलिस से की है। टेलीग्राम पर मिला था मैसेज
शिकायत में सेक्टर-79 निवासी गुलशन निगम ने बताया कि बीते साल दिसंबर में उन्हें टेलीग्राम पर एक निवेश प्लान से जुड़ा मैसेज मिला था। जानकारी करने पर उन्हें बताया गया कि कंपनी क्रिप्टो करेंसी में निवेश करवाती है और इसमें हर दिन रिटर्न मिलता है। इसमें रकम निवेश कर पांच गुना से अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है। पीड़ित को बताई गई स्कीम पर विश्वास हुआ तो उसने कुछ रुपए लगाए। प्रारंभिक चरण में गुलशन को मुनाफा मिला। बड़ा मुनाफा का दिया लालच
दो बार छोटा मुनाफा देने के बाद ठगों की ओर से बताया गया कि अगर ढाई लाख रुपए का निवेश होता है तो इसमें दस लाख रुपए तक का मुनाफा कमाया जा सकता है। जालसाज़ की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने दो लाख 65 हजार रुपए का निवेश कर दिया। निवेश के बाद जब कोई मुनाफा नहीं हुआ तो पीड़ित ने ठगों से अपनी रकम वापस करने को कहा। ऐसे में ठग उस पर और पैसे निवेश करने का दबाव बनाने लगे। पैसा जमा करने पर संपर्क तोड़ा
जब शिकायतकर्ता ने निवेश नहीं किया तो ठगों ने उससे संपर्क तोड़ दिया। मामले की शिकायत सबसे पहले पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्ट पोर्टल पर की थी। अब इस मामले में सेक्टर-113 थाने में अज्ञात जालसाज़ के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी ऐक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।


