गोलबंधा में लगा जनता दरबार, 3 को मिले 2 लाख के चेक

भास्कर न्यूज| दुमका मसलिया प्रखंड के गोलबंधा पंचायत में जनता दरबार, जन संवाद, वित्तीय समावेशन और संतृप्ति शिविर का आयोजन हुआ। शिविर का उद्घाटन उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने किया। उन्होंने कहा, सरकार अब सीधे गांवों तक पहुंच रही है। लोगों की समस्याओं का समाधान नियमानुसार और जल्दी किया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया, जिन ग्रामीणों के पास बैंक खाता नहीं है, वे इस शिविर में खाता खुलवाकर वित्तीय सेवाओं से जुड़ सकते हैं। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत सिर्फ 436 और 20 रुपये सालाना प्रीमियम पर जीवन बीमा का लाभ मिल सकता है। इससे किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को आर्थिक मदद मिलती है। उन्होंने कहा, 30 सितंबर 2025 तक सभी प्रखंडों में ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। जिला मुख्यालय में हर मंगलवार और शुक्रवार को जनता दरबार होता है। यहाँ दूर-दराज से आने वाले लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाता है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा, यह शिविर खासकर उन लोगों के लिए है जो अब तक वित्तीय सेवाओं से वंचित हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में भाग लें और योजनाओं का लाभ उठाएं। शिविर में प्रखंड प्रमुख और पंचायत मुखिया ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। कहा, यह शिविर ग्रामीणों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है। शिविर में विभिन्न विभागों की परिसंपत्तियों का वितरण हुआ। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 3 लाभुकों को 2-2 लाख रुपये के चेक दिए गए। 10 दीदियों को 11 लाख रुपये का मुद्रा लोन मिला। 17 सखी मंडल की दीदियों को कुल 37 लाख रुपये का क्रेडिट लिंकेज दिया गया। सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 3 लाभुकों को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपे गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *