जामताड़ा| हूल दिवस पर साहेबगंज जिले के ऐतिहासिक भोगनाडीह में सिदो-कान्हू स्थल पर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच तनाव की बनी स्थिति को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गुरुवार को जामताड़ा स्थित जेएमएम जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि भाजपा ने सरकार और प्रशासन को बदनाम करने की साजिश रची थी। भोगनाडीह में तनाव भाजपा की सुनियोजित चाल थी। लेकिन प्रशासन की तत्परता से यह साजिश नाकाम हो गई। उन्होंने प्रशासन का आभार जताया। सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल ने कहा कि भाजपा संथाल परगना को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। इस घटना से झारखंड के आदिवासी और मूलवासी समुदाय में आक्रोश है। भाजपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पार्टी पदाधिकारियों ने संकेत दिया कि यदि ऐसे कृत्य दोहराए गए तो जेएमएम राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।


