पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हाल जानने के लिए समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को अमृतसर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद आनंद भदौरिया और पूर्व मंत्री महबूब अली ने किया। स्वर्ण मंदिर पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने दरबार साहिब में मत्था टेका और सर्वजन भलाई, बाढ़ पीड़ित परिवारों की राहत व पुनर्वास के लिए अरदास की। इसके बाद नेताओं ने अमृतसर सहित आसपास के प्रभावित क्षेत्रों से आए लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। हरसंभव मदद करना समाजवादी पार्टी का मानवीय कर्तव्य- सांसद धर्मेंद्र यादव
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि बाढ़ ने पंजाब की जनता को बड़ी मुश्किल में डाल दिया है, ऐसे समय में हरसंभव मदद करना समाजवादी पार्टी का मानवीय कर्तव्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी अपने स्तर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। सांसद आनंद भदौरिया और पूर्व मंत्री महबूब अली ने भी कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी पंजाब की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। इस मौके पर सपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल लगन, डॉ. विक्रम यादव, हरद्वारी लाल, कुलदीप सिंह भुल्लर, प्रीतिंदर सिंह कक्कू, गुरुदेव सिंह, अमर सिंह, बलवीर सिंह बल्ली, मलकीत सिंह, सत्य प्रकाश सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बाढ़ प्रभावित पंजाब में अमृतसर दौरे को लेकर प्रतिनिधिमंडल का यह संदेश साफ रहा कि समाजवादी पार्टी सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में इंसानियत और सहयोग की राजनीति को आगे बढ़ा रही है।


