बैकुंठपुर | चरचा कॉलरी क्षेत्र में अखिल भारतीय शेषन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट अपने 50वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर यह प्रतियोगिता 3 फरवरी 2026 से महाजन स्टेडियम में प्रारंभ होगी, जबकि 13 फरवरी को फाइनल मुकाबले के साथ इसका समापन होगा। दस दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। क्षेत्रीय महाप्रबंधक बीएन झा ने बताया कि स्वर्ण जयंती संस्करण को विशेष स्वरूप दिया जा रहा है, जिसमें देशभर की नामचीन और मजबूत फुटबॉल टीमें भाग लेंगी। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, ओडिशा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों की टीमें अपने कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगी। पिछले पांच दशकों से शेषन स्मृति गोल्ड कप भारतीय फुटबॉल को नई ऊंचाइयां देने के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी मंच रहा है।


