भिंड के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छींमका पुलिया पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यशपाल सिंह कुशवाह निवासी बाडपुरा, बामोर अपनी बाइक पर बिना हेलमेट तेज रफ्तार से ग्वालियर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर बना मौत का कारण हादसे का मुख्य कारण सड़क पर खड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर का एक पहिया निकल जाने से वह बीच सड़क पर खड़ा था। रात का समय और कम रोशनी के कारण बाइक सवार ट्रैक्टर को नहीं देख सका और सीधी टक्कर हो गई। पुलिस की तत्परता के बावजूद बच नहीं पाई जान गोहद चौराहा थाना प्रभारी बृजेंद्र सेंगर ने मौके पर पहुंचकर घायल को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हालांकि, सिर पर गंभीर चोट लगने और खून अधिक बह जाने के कारण युवक को बचाया नहीं जा सका। परिजनों को दी गई सूचना थाना प्रभारी बृजेंद्र सेंगर ने बताया कि मृतक की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से की गई। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


